छात्रों का हुआ शैक्षिक भ्रमण, आनंद भवन व तारामंडल में सीखी विज्ञान की बारीकियां


– राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत एक सैकड़ा बच्चों का प्रयागराज एक्सपोजर विजिट, बढ़ी वैज्ञानिक सोच

फतेहपुर। ऐरायाँ विकास खंड के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले लगभग एक सैकड़ा छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत शैक्षिक भ्रमण पर प्रयागराज ले जाया गया। इस दौरान बच्चों ने आनंद भवन, नेहरू तारामंडल तथा इलाहाबाद संग्रहालय का भ्रमण कर ज्ञानवर्धक अनुभव प्राप्त किया।
खंड शिक्षा अधिकारी रत्नामणि मिश्रा ने बताया कि कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं में जिज्ञासा आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और प्रयोगात्मक सीख को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आविष्कार अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत पहले विद्यालय स्तर पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, फिर विकासखंड के 41 उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों से चयनित छात्रों को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से चुना गया। चयनित करीब 100 बच्चों को इस एक्सपोजर विजिट पर ले जाया गया, जहां उनके लिए टी-शर्ट, कैप, स्नैक्स, जूट बैग, स्टेशनरी, साइंस प्रैक्टिकल बुक और लंच की समुचित व्यवस्था की गई। विज्ञान एआरपी शेषनारायण दुबे ने बताया कि बच्चों ने नेहरू तारामंडल में सौरमंडल, ग्रहों और नक्षत्रों से जुड़ी विस्तृत जानकारी हासिल की। वहीं एआरपी आकाश कुमार सिंह के अनुसार, इलाहाबाद संग्रहालय में बच्चों ने स्वतंत्रता आंदोलन और ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़े दुर्लभ संग्रह को देखा और समझा। कंपोजिट विद्यालय धनकामई, निहालपुर सानी और रायपुर के छात्रों ने भ्रमण को बेहद रोचक बताते हुए कहा कि इस यात्रा से उन्हें नई और उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।
इस अवसर पर जिला महामंत्री विजय कुमार त्रिपाठी, उमेश मौर्य, आनंद कुमार मिश्र, अजय सिंह, डॉ. अंबिका प्रसाद मिश्र, रघुराज मौर्य, दीपक कुमार, दिलीप सिंह, नवनीत सोनी, प्रेम प्रकाश सिंह, वीरभान, नंदलाल कमल, मूलचंद, नर्वदा सिंह, जय नारायण, गरिमा सिंह, ममता गुप्ता, विनोद कुमार, ज्ञानेंद्र कुमार, हर्षित सिंह सहित कई शिक्षक एवं सहयोगी मौजूद रहे।