– जहानाबाद क्षेत्र का मामला, पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की लगाई गुहार
फतेहपुर। जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में नाली के पानी को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पीड़िता महिला ने पड़ोसियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। साथ ही स्थानीय पुलिस पर भी कार्रवाई न करने और दबाव बनाने की शिकायत की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके घर का पानी नाली के जरिए बाहर निकलता है। आरोप है कि 23 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे जब वह नाली साफ कर रही थी, तभी पड़ोसी पक्ष ने जबरन नाली बंद कर दी और उसकी जगह शौचालय का निर्माण कर लिया। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर पड़ोसी महिला आशा देवी, उसके परिजन अनु व अनिकेत समेत अन्य लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे अन्य लोगों के साथ भी अभद्रता की गई। पीड़िता का कहना है कि उसे गंभीर रूप से पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने आरोप लगाया कि वह शिकायत लेकर थाना जहानाबाद पहुंची, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और न ही उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। उल्टा, एक पुलिसकर्मी द्वारा समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़िता ने एसपी से मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
