निर्वाचन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश


– 27 मार्च तक हर हाल में निपटाएं दावे-आपत्तियां: मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल

फतेहपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 (अहर्ता तिथि 01.01.2026) के तहत चल रहे विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा हेतु कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मण्डलायुक्त, प्रयागराज मण्डल एवं रोल प्रेक्षक सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त दावे, आपत्तियां एवं नोटिसों की सुनवाई का निस्तारण हर हाल में 27 मार्च 2026 तक पूर्ण कर लिया जाए।
इसके उपरांत मण्डलायुक्त ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों—अंग्रेजी दफ्तर, आयुध कार्यालय, सीआरए कार्यालय, नाजिर, आपदा प्रबंधन, अभिलेखागार, माल, भूलेख अनुभाग, अपर कलेक्टर (न्यायिक) न्यायालय एवं अपर कलेक्टर (वित्त/राजस्व) न्यायालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पटल सहायकों से पत्रावलियों की अलमारियां खुलवाकर अभिलेखों की स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि पत्रावलियों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक पत्रावली के कवर पर उसका स्पष्ट नाम अंकित हो। साथ ही सभी कर्मचारियों की सर्विस बुक अद्यतन रखी जाए और जन सूचना से संबंधित आवेदनों की नियमित समीक्षा कर कोई भी प्रकरण लंबित न रखा जाए। अधिकारियों को समय-समय पर कार्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह, अपर आयुक्त प्रयागराज मंडल रतन प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, प्रशिक्षु आईएएस नौशीन, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।