– निवेश मित्र पोर्टल के लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने को कहा
फतेहपुर। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में गुरुवार को जिला स्तरीय उद्योग बन्धु एवं एमओयू क्रियान्वयन समिति की बैठक जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में निवेश से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए श्रम विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, कृषि, यूपीसीडा, बोर्ड ऑफ रेवेन्यू, यूपी पावर कॉरपोरेशन, रजिस्ट्रार फर्म सोसायटी एवं अग्निशमन विभाग को समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) और सीएम युवा विकास योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की। निर्देश दिए कि जिन आवेदनों पर बैंक द्वारा ऋण स्वीकृत हो चुका है, उनका शीघ्र वितरण कराया जाए तथा लंबित आवेदनों का समय से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। औद्योगिक क्षेत्र मलवा में यूपीसीडा द्वारा निर्माणाधीन नाली के कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने और उसे ऊपर से ढकने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोधीगंज से रमवां अंडरपास तक करीब 2.4 किलोमीटर खराब सड़क की स्थिति पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को मौके का निरीक्षण कर शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन सुगम हो सके। बैठक में जनपद में प्रस्तावित नए निवेशों की भी जानकारी दी गई। इनमें इनरफोर्ज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 40 करोड़ रुपये का निवेश, गौतम फिशरीज एलएलपी द्वारा 10 करोड़ रुपये का निवेश तथा एसजी फूड प्रोडक्ट के तहत फूड प्रोसेसिंग योजना में 52 लाख रुपये के ऋण वितरण का मामला शामिल रहा। जिलाधिकारी द्वारा लाभार्थी को चेक भी प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों से प्राप्त शिकायतों और सुझावों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और निवेश को बढ़ावा देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, उप जिलाधिकारी सदर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, एलडीएम, अधीक्षण अभियंता विद्युत, ईओ सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।
