फतेहपुर। टीईटी अनिवार्यता के विरोध में आगामी 04 अप्रैल 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित विशाल आंदोलन को लेकर रविवार को जनपद में तैयारी तेज कर दी गई। इसी क्रम में टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के निर्देश पर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, फतेहपुर के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने अपने आवास पर की। बैठक में प्रांतीय निर्देश के तहत पर्यवेक्षक के रूप में उन्नाव के जिलाध्यक्ष ब्रजेश पाण्डेय एवं रायबरेली के जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जनपद के सभी ब्लॉक अध्यक्षों से 04 अप्रैल को होने वाली रैली की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें दिल्ली जाने वाले शिक्षकों की सूची, बसों की संख्या, टिकट व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। संगठन की ओर से निर्देश दिया गया कि प्रत्येक ब्लॉक से कम से कम एक बड़ी बस (करीब 70 शिक्षकों की क्षमता) दिल्ली के लिए रवाना की जाए, जिसमें न्यूनतम 50 शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। पर्यवेक्षक ब्रजेश पाण्डेय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह आंदोलन शिक्षकों के अस्तित्व से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि इस समय शिक्षक एकजुट नहीं हुए तो भविष्य में उनके अधिकारों पर गंभीर संकट आ सकता है। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हुए आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लें। वहीं, पर्यवेक्षक राजेश शुक्ल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा लंबे समय से शिक्षकों के हितों की लड़ाई लड़ते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समय संगठन के साथ खड़े होने का है और अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाना सभी की जिम्मेदारी है। बैठक के अंत में जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने आश्वस्त किया कि फतेहपुर जनपद से कम से कम 700 शिक्षक इस रैली में शामिल होंगे और हर ब्लॉक से एक बस दिल्ली के लिए अवश्य रवाना की जाएगी। बैठक का संचालन जिलामंत्री विजय त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर जीतेन्द्र वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, अनुराग मिश्र, लाल देवेंद्र प्रताप, हर्षवर्धन सिंह, दिग्विजय सिंह, राम बहादुर, अखिलेश त्रिपाठी, धर्मेंद्र कुमार, अरुण वर्मा, संतोष कैंथल, योगेंद्र कुमार, आकाश सिंह, मनोज प्रकाश, शैलेन्द्र उमराव, प्रदीप पटेल, प्रदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक नेता मौजूद रहे।
