प्राथमिक विद्यालय कुटी पर में वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, मेधावी छात्रों को मिला सम्मान



– एसडीएम अभिनीत कुमार ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ

– ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ, बच्चों को वितरित की गई पुस्तकें

फतेहपुर। प्राथमिक विद्यालय कुटी पर में वार्षिकोत्सव एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय की प्रधानाध्यापिका माया मौर्या ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खागा के उप जिला अधिकारी अभिनीत कुमार उपस्थित रहे। उनके साथ आदर्श नगर पंचायत खागा की अधिशासी अधिकारी देवहूती पाण्डेय, खंड शिक्षा अधिकारी रत्नामणि मिश्रा सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को अतिथियों द्वारा मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं कुछ अभिभावकों को ‘बेस्ट गार्जियन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम में अभिभावकों का उत्साह और बढ़ा। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी ऐरायां रत्नामणि मिश्रा ने बच्चों को पुस्तक वितरण कर ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ किया और शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा बनाई गई सुंदर मूर्तियों को विद्यालय स्टाफ द्वारा मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया। अतिथियों ने प्रधानाध्यापिका माया मौर्या, शिक्षिकाओं रंजना देवी, सुमित्रा देवी एवं समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर एआरपी आकाश सिंह, समर बहादुर सिंह, रघुराज सिंह, दीपक कुमार मौर्य सहित सैकड़ों अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।