मलवां पुलिस की कार्रवाई, तीन वाहन चोर गिरफ्तार, दो बाइक बरामद


फतेहपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मलवा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत मलवा पुलिस ने शनिवार को ग्राम आदमपुर नहर पटरी के पास छापेमारी कर तीन आरोपियों— चन्द्र उर्फ अवधेश प्रसाद निवासी मीरमऊ, नैतिक उर्फ छोटूपाल तथा सीताराम निवासी पैगम्बरपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की दो बाइक बरामद की गईं। बताया गया कि 3 अप्रैल को चाचीखेड़ा निवासी आनंद त्रिवेदी ने मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई हैं और तीनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मो. आमीन, उपनिरीक्षक बृजेश कुमार यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही है।