अलाव तापते समय महिला गंभीर रूप से झुलसी, हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर



फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर में अलाव तापते समय एक महिला के कपड़ों में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे की जानकारी होते ही परिजन उसे इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार असोथर थाना क्षेत्र के हैदर मऊ गांव निवासी बलबीर की 28 वर्षीय पत्नी रीना देवी सुबह अपने घर में आग जलाकर अलाव ताप रही थी। इसी दौरान अचानक उसकी साड़ी में आग पकड़ ली और देखते ही देखते वह बुरी तरह झुलस गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर उसे तुरंत इलाज के लिए सरांय खालिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की स्थिति गंभीर बताई और उसे सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एंबुलेंस के ईएमटी तेज प्रताप और पायलट विक्रांत सिंह ने महिला को सुरक्षित जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने महिला को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार महिला के शरीर का काफी हिस्सा झुलस गया है और उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।