त्रिवेणी संगम हाईवेज पर सड़क सुरक्षा अभियान, दुर्घटनामुक्त बनाने की पहल तेज



— कटोघन टोल प्लाजा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

— ड्राइवरों को डिफेंसिव ड्राइविंग व सुरक्षा नियमों की दी गई जानकारी

खागा/फतेहपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत त्रिवेणी संगम हाईवेज पर जागरूकता कार्यक्रमों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में कटोघन टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें वाहन चालकों और आमजन को नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव के निर्देश पर किया गया। इस दौरान सीएसआर मैनेजर फिरोज खान और फैय्याज आलम की मौजूदगी में हाईवे पर चलने वाले ड्राइवरों, यात्रियों और आमजन को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई। अभियान में लोगों को डिफेंसिव ड्राइविंग, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने के बारे में बताया गया। साथ ही पैदल यात्रियों की सुरक्षा और दुर्घटना की स्थिति में तुरंत सहायता देने से जुड़े ‘गुड सेमेरिटन लॉ’ के बारे में भी जागरूक किया गया। रात्रि में होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वाहनों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप और सुरक्षा स्टिकर लगाए गए, जिससे वाहनों की दृश्यता बढ़ाई जा सके। अभियान का उद्देश्य लोगों में सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग की भावना विकसित करना तथा “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। इस मौके पर एचआर मैनेजर संदीप पांडे, रूट पेट्रोलिंग इंचार्ज कृष्ण मुरारी सहित पूरी टीम मौजूद रही।