सांड के हमले से महिला घायल, इलाज जारी



फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के बाबरपुर गांव में एक सांड के हमले में 45 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों की मदद से महिला को बचाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बाबरपुर निवासी प्रेमा देवी पत्नी रोहित लाल किसी काम से अपने घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान अचानक एक सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड के दौड़ाने से वह गिर गईं और गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर महिला को सांड से बचाया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें फतेहपुर जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचे घायल महिला के भतीजे विकास लोधी ने बताया कि यह हादसा अचानक सांड के हमले के कारण हुआ। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों के अनुसार, प्रेमा देवी का प्राथमिक उपचार कर उन्हें भर्ती कर लिया गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।