– जागरूकता अभियान हुआ आयोजित
फतेहपुर। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में सोमवार को सीपीआर प्रशिक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान विश्व भारतीय गर्ल्स इंटर कॉलेज एवं चंद्रा बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। इस अभियान का नेतृत्व इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी फतेहपुर के चेयरमैन एवं रेडक्रॉस उत्तर प्रदेश के कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया।
डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने छात्राओं एवं शिक्षकों को सीपीआर (कार्डियक पल्मोनरी रिससिटेशन) की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अचानक हृदय गति रुकने की स्थिति में समय पर सीपीआर देकर किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति को सीपीआर देने में 30 बार छाती पर दबाव और दो बार मुंह से सांस देना होता है, जिसे हृदय की धड़कन शुरू होने तक लगातार किया जाता है। वहीं एक वर्ष से कम आयु के बच्चे को 15 बार दबाव और दो बार सांस दी जाती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या नमिता मिश्रा ने डॉ. अनुराग श्रीवास्तव को बैज अलंकृत कर पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य उमेश गुप्ता, आजीवन सदस्य आर.के. शुक्ल, सुरेश चंद्र श्रीवास्तव तथा एनजीओ प्रकोष्ठ के संयोजक सहित इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
