फतेहपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज-5.0” अभियान के तहत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम / एंटी रोमियो टीम ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों/कॉलेजों, धार्मिक स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया।
अभियान के दौरान शासन व पुलिस विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना के साथ ही महिलाओं के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी भी दी गई, जिनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 आदि की जानकारी दी गई है।
कार्यक्रम के दौरान पंपलेट बांटकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया, ताकि वे सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें। पुलिस प्रशासन ने इस अभियान को महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
