अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत टू/थ्री व्हीलर सर्विस मैकेनिक प्रशिक्षण का शुभारंभ



फतेहपुर। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के घटक ग्रान्ट-इन-एड (सहायता अनुदान) के अंतर्गत जनपद फतेहपुर में अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) एवं जिला प्रबंधक, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड, फतेहपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार 22 दिसंबर 2025 को यू०पी०कॉन द्वारा टू/थ्री व्हीलर सर्विस मैकेनिक का प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण श्री रामऔतार सिंह महाविद्यालय, शेषपुर उनवा (भिटौरा रोड, बिसौली चौराहा), फतेहपुर के परिसर में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य स्तरीय सलाहकार समिति के सदस्य श्री अभिजीत भारती द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कौशल विकास प्रशिक्षण से अनुसूचित जाति के युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा और वे स्वरोजगार स्थापित कर अपने जीवन स्तर में सुधार कर सकेंगे।
कार्यक्रम में प्रदीप कुमार, प्रशिक्षण प्रभारी/कोआर्डिनेटर प्रमोद कुमार कुशवाहा, वंदना, सर्वेश पटेल, शिवानी, रविशंकर, देवेंद्र कुमार तथा शिवांगी शुक्ला सहित प्रशिक्षणकर्ता एवं प्रशिक्षणार्थीगण उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से लाभार्थियों को तकनीकी दक्षता प्रदान कर उन्हें रोजगार योग्य बनाने का उद्देश्य रखा गया है।