चौधरी चरण सिंह की जयंती पर आरएलडी ने किया श्रद्धांजलि समारोह



– किसान दिवस के रूप में मनाई गई गोष्ठी

फतेहपुर। शहर के सिंचाई डाक बंगले परिसर में स्थित भारत रत्न भूतपूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के जिला अध्यक्ष श्यामलाल पासवान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई। इस अवसर पर जयंती को किसान दिवस के रूप में मनाते हुए उनके विचारों और योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि चौधरी चरण सिंह को आज भी किसानों के मसीहा के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने अपना पूरा जीवन किसान हित, भूमि सुधार और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित किया। वक्ताओं ने बताया कि चौधरी चरण सिंह का जन्म 23 दिसंबर 1902 को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के नूरपुर गांव में हुआ था और 29 मई 1987 को उनका निधन हुआ। उनके विचार आज भी किसानों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह कार्यक्रम जिला अध्यक्ष श्यामलाल पासवान की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महासचिव चौधरी भूपाल सिंह उपस्थित रहे।
इस मौके पर यूथ के युवा जिला अध्यक्ष राहुल द्विवेदी, फतेहपुर विधानसभा अध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह उर्फ राजन लोधी, जहानाबाद विधानसभा अध्यक्ष ललित कुमार उत्तम, बिंदकी विधानसभा अध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू पटेल, हुसैनगंज विधानसभा अध्यक्ष जगदीश प्रसाद तिवारी, नगर अध्यक्ष बिंदकी आकाश सविता सहित रति सिंह परिहार, गौरव त्रिपाठी, बाबूलाल सिंह, राम भवन, रामलाल, किस्सू समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।