कोहरे में हादसे रोकने को सड़क सुरक्षा अभियान, सैकड़ों वाहनों पर लगे निःशुल्क रेडियम



– नियम तोड़ने पर ‘यमराज’ से मुलाकात तय — अरुण कुमार मौर्य

फतेहपुर। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा अभियान के तहत मंगलवार को कोहरे के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर हसवा पुलिस चौकी पर विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों वाहनों में निःशुल्क ट्रायंगल थ्री-एम रेडियम लगाए गए और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव तथा त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड प्रबंधन के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी अरुण कुमार मौर्य की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर चौकी प्रभारी अरुण कुमार मौर्य ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आनी चाहिए, लेकिन नियमों की अनदेखी के कारण हादसों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर सड़क दुर्घटना ही नहीं, ‘यमराज’ से मुलाकात भी हो सकती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को बचपन से ही ट्रैफिक नियमों की जानकारी दें, ताकि परिवार का भविष्य सड़कों पर सुरक्षित रह सके। कार्यक्रम में उपस्थित राज्य स्तरीय पुरस्कार विजेता एवं राजस्थान सरकार से वरिष्ठ सीएसआर व सेफ्टी मैनेजर फिरोज़ खान ने बताया कि शीत ऋतु में कोहरे के कारण दिन और रात दोनों समय दृश्यता काफी कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। यदि वाहनों के पीछे फॉग लाइट या लाल रेडियम स्टीकर पट्टी लगी हो, तो पीछे से आने वाले वाहन चालकों को दूर से ही वाहन दिखाई देने लगता है और दुर्घटना की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा हेलमेट न पहनने पर विशेष चिंता जताई गई और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस मौके पर हेड कांस्टेबल अवध बिहारी, हेड कांस्टेबल राजेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल उबैद उल्ला, हेड कांस्टेबल दीपू, कांस्टेबल अंकित कुमार सहित बड़ी संख्या में वाहन चालक और आमजन मौजूद रहे।