फतेहपुर। मानव सेवा संस्थान एवं फीफा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, फतेहपुर में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद फतेहपुर के अध्यक्ष एडवोकेट राज कुमार मौर्य रहे, जिन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए।
मुख्य अतिथि श्री मौर्य ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं की प्रतिभा निखरती है तथा उनमें अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व कौशल का विकास होता है। उन्होंने मानव सेवा संस्थान, फीफा फाउंडेशन एवं जिला खेल संघ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस प्रतियोगिता में जिले की कुल आठ बालक एवं बालिका फुटबॉल टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का परिचय दिया। कड़े मुकाबलों के बाद बालिका वर्ग में चैंपियन फुटबॉल क्लब फतेहपुर ने डायमंड फुटबॉल क्लब फतेहपुर को 3-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालक वर्ग में सुदर्शन स्पोर्टिंग क्लब फतेहपुर और फतेहपुर स्पोर्टिंग फुटबॉल क्लब के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें सुदर्शन स्पोर्टिंग क्लब विजेता रहा। अतिथियों का स्वागत करते हुए जिला खेल संघ के अध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडे ने कहा कि जनपद में युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी क्षमताओं को निखारने के लिए संघ निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील भारती ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि तीन दिनों के खेल में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी देखने को मिले हैं। उन्होंने आगामी सत्र के लिए अंडर-14 खिलाड़ियों को ट्रायल देने के लिए आमंत्रित करने की घोषणा की, जिसकी सूचना शीघ्र दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में संस्था के कार्यकारी निदेशक जय प्रकाश त्रिवेदी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला खेल संघ के मीडिया प्रभारी अजय सिंह चौहान ने किया।
इस अवसर पर सभासद विनय तिवारी, अरुण यादव, सादाब अहमद, पूर्व सभासद धीरज कुमार, खेल शिक्षिका पूजा गुप्ता, प्रदीप कुमार पांडे, सुरेश श्रीवास्तव, जिला खेल संघ के सचिव अंसार अहमद, आदर्श मिश्रा, वकील अहमद, शबनम, गुड़िया मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
