उद्योग व्यापार मंडल की कैबिनेट बैठक में ओवरलोड ट्रकों पर आंदोलन का ऐलान



– फरवरी के पहले सप्ताह में जिलेभर में व्यापक आंदोलन की चेतावनी

फतेहपुर। उद्योग व्यापार मंडल की कैबिनेट बैठक हरिहरगंज स्थित शांति गंगा होटल में संपन्न हुई। बैठक के दौरान युवा जिलाध्यक्ष सरदार गुरमीत सिंह का जन्मदिन संगठन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के बीच हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इसके उपरांत कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कोषाध्यक्ष आशुतोष रस्तोगी ने की, जबकि संचालन जिला वितरक संघ के अध्यक्ष प्रकाश सिंह ने किया। बैठक में जनपद के विभिन्न बाजारों से होकर गुजरने वाले ओवरलोड भारी वाहनों की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने बताया कि जहानाबाद, बिंदकी, बहुआ, गाजीपुर, असोथर और विजयीपुर के बाजारों के बीच से गुजरने वाले ओवरलोड ट्रकों के कारण सड़कों की हालत बदतर होती जा रही है। इससे न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि ग्राहक भी बाजारों में आने से कतरा रहे हैं। पहले ही ऑनलाइन व्यापार के चलते लगभग 60 प्रतिशत व्यापार प्रभावित हो चुका है, ऐसे में यह समस्या व्यापारियों के लिए गंभीर संकट बनती जा रही है। बैठक में निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही जिलाधिकारी से मुलाकात कर ओवरलोड ट्रकों पर रोक लगाने की मांग की जाएगी तथा इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी जिलाधिकारी के माध्यम से पत्र भेजा जाएगा। साथ ही यह भी तय किया गया कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जनवरी के बाद फरवरी के प्रथम सप्ताह में जनपद के समस्त कस्बों में व्यापारियों द्वारा एक व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश दुबे उपस्थित रहे। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए संगठन को एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
बैठक में राज कुमार मिश्रा, आरिफ, वीरेंद्र साहू, इमरान खान, अरविंद आर्या, मोहम्मद अकरम, राम बाबू गुप्ता, नारायण गुप्ता, सरदार वरिंदर सिंह, फरहत अली सिद्दकी, विवेक श्रीवास्तव सहित अनेक व्यापारी नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।