आगरा मंडल की सफल यात्रा से लौटे प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान का फतेहपुर में जोरदार स्वागत



– प्रदेश अध्यक्ष बोले— फतेहपुर से निकला संगठन अब पूरे उत्तर प्रदेश में बनेगा व्यापारी हितों की आवाज

फतेहपुर। जन उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान ने वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारियों के साथ आगरा मंडल की पांच दिवसीय सफल यात्रा संपन्न कर रविवार दोपहर अपने गृह जनपद फतेहपुर वापसी की। वापसी पर शहर सीमा स्थित कर्पूरी ठाकुर चौराहा (डाक बंगला) पर संगठन के जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
ज्ञात हो कि संगठन विस्तार को लेकर प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान 29 दिसंबर को वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ आगरा मंडल के दौरे पर निकले थे। यात्रा के दौरान सबसे पहले मथुरा जनपद में चन्दहास भारद्वाज को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया। इसके बाद वृंदावन में संगठन के भव्य कार्यालय का शुभारंभ करते हुए डॉ. उमाकान्त शुक्ल महाराज को प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके उपरांत आगरा पहुंचकर आगरा मंडल के लिए अशोक कुमार अग्रवाल को संरक्षक, सतीश पंडित को मंडल संयोजक तथा संदीप अग्रवाल को आगरा जिला प्रभारी नियुक्त किया गया। साथ ही उन्हें शीघ्र ही जिला एवं नगर कमेटियों के गठन की जिम्मेदारी भी दी गई। रविवार को जब प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान पदाधिकारियों के साथ फतेहपुर पहुंचे, तो संगठन के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर, गदा भेंट कर और गगनभेदी नारों— जन उद्योग व्यापार मंडल जिंदाबाद, चन्दन सिंह चौहान जिंदाबाद, व्यापारी एकता जिंदाबाद के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान ने कहा कि फतेहपुर जनपद से निकलकर आज उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में व्यापारियों के मान-सम्मान की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त संगठन खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की शुरुआत कृष्ण जन्मभूमि मथुरा-वृंदावन से हो चुकी है और वह दिन दूर नहीं जब जन उद्योग व्यापार मंडल पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापारी हितों की मजबूत आवाज बनेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री अजय सिंह मौर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू हयारण, अभिषेक रायजादा, जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला महामंत्री अजय पटेल, जिला उपाध्यक्ष चन्द्रशेखर लोधी, हिमांशु दीक्षित, आशीष शरण, मिंटू सोनी, राजा सिंह कछवाह, देवनाथ धाकड़े, राकेश मौर्य, अमन पटेल, अनिल अग्निहोत्री, ओमप्रकाश सविता, अर्जुन साहू, महेंद्र सिंह, मनीष, विपिन गुप्ता सहित दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।