– बिंदकी विधायक जय कुमार जैकी ने किया निरीक्षण
फतेहपुर। तेलियानी विकास खंड के सेमरहटा–हाजीपुर गैंग क्षेत्र में लगभग पांच वर्ष पहले करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की स्थिति निरीक्षण में खराब पाई गई। सोमवार को बिन्दकी विधायक जयकुमार जैकी ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी, झाड़ियां और जंगली बाबूल फैले मिले। कई कमरों में ताले लगे पाए गए और अस्पताल का संचालन प्रभावित नजर आया। स्थिति को देखते हुए मौके पर ही ताले खुलवाकर साफ-सफाई कराई गई। विधायक ने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी से फोन पर बात कर सुधार के निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट आईएएस नौशीन भी मौजूद रहीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं शीघ्र दुरुस्त करने को कहा। 40 बेड की क्षमता वाले इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस और प्रसव जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे क्षेत्रीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अधीक्षक डॉ. अमलेश जोशी, चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपुल शुक्ला, फार्मासिस्ट अमित कुमार, वार्ड बॉय विदित कुमार, वॉशरमैन माता प्रसाद एवं आयुष फार्मासिस्ट अर्जुन राम तैनात हैं। अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल में 40 बेड हैं और इसे पीपीपी मॉडल में परिवर्तित किया गया है। यहां सीबीसी, सीएफटी और केएफटी जांच की मशीनें उपलब्ध हैं तथा चिकित्सकों व स्टाफ के लिए 20 आवासीय क्वार्टर बने हैं। उन्होंने यह भी बताया कि महिला डॉक्टर, स्टाफ नर्स, एंबुलेंस, सफाई कर्मचारी, लैब टेक्नीशियन और एक्स-रे टेक्नीशियन की कमी है। निरीक्षण के बाद विधायक जयकुमार जैकी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर इस समस्या को उठाएंगे, ताकि क्षेत्र को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके।
