साइबर अपराध रोकथाम पर जनपदीय गोष्ठी आयोजित



फतेहपुर। जनपदीय स्तर पर साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर रविवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के नेतृत्व में एक समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह गोष्ठी पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारीगण और जनपद के सभी थानों पर गठित साइबर सेल/हेल्पडेस्क के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
गोष्ठी का उद्देश्य शासन और साइबर पुलिस मुख्यालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना और जिले में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश जारी करना था। इस दौरान अधिकारियों को एनसीआरपी पोर्टल, प्रतिबिंब पोर्टल एवं समन्वय पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही डीजी परिपत्र 32/2025 और वर्तमान समय में होने वाले साइबर अपराधों से बचाव के उपायों तथा ऐसे अपराधों का अनावरण करने के विभिन्न तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आदेशों का कड़ाई से पालन करें और साइबर अपराधों पर नजर रखते हुए आम जनता को सुरक्षित बनाए रखें।