फतेहपुर। थाना चांदपुर क्षेत्र के ग्राम अमौली के निवासी आदित्य पुत्र सिद्धनाथ ने जिलाधिकारी फतेहपुर को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि विद्युत पोल तार की ठेकेदारी का काम करने वाले ठेकेदार रमन कुमार सिंह ने उनकी मजदूरी नहीं दी है।
शिकायत में पीड़ित ने बताया कि वह जून 2023 से रमन कुमार सिंह के तहत मासिक 21,000/- रुपये की दर से काम कर रहा था। शुरुआत में रमन कुमार सिंह ने कुछ-कुछ भुगतान किया, लेकिन धीरे-धीरे बकाया राशि लगभग 1,90,000/- रुपये तक पहुंच गई। पीड़ित ने बार-बार भुगतान की मांग की, लेकिन ठेकेदार हमेशा बहाने बनाता रहा और भुगतान करने से टालता रहा। पीड़ित के पास इस पूरे विवाद के काल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। 28 दिसंबर 2025 को जब पीड़ित अपना बिजली बिल जमा कराने अमौली पॉवर हाउस गया, तो रमन कुमार सिंह से मिलने पर उन्होंने साफ कह दिया कि पैसा नहीं देंगे और जो करना है कर लो। पीड़ित ने अपने पत्र में अनुरोध किया है कि वाल्मर एसोसिएट (रमन कुमार सिंह का वेंडर) और लुमिनो इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यालय को आदेशित किया जाए कि वे मजदूरी का भुगतान करें, ताकि पीड़ित का बकाया हक मिल सके। इस मामले में अधिकारियों ने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
