फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली गई। इसके पश्चात उन्होंने टोलीवार परेड में शामिल समस्त पुलिसकर्मियों एवं प्रशिक्षु आरक्षियों के टर्नआउट का गहन निरीक्षण किया और उनके अनुशासन, वेशभूषा तथा शारीरिक दक्षता का जायजा लिया। साथ ही चल रहे प्रशिक्षण की प्रगति के बारे में संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर में स्थित आरटीसी बैरकों का निरीक्षण कर वहां रह रहे प्रशिक्षु आरक्षियों की सुविधाओं, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने प्रशिक्षण कक्षों का निरीक्षण कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम एवं संसाधनों की जानकारी ली और प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन की कैंटीन, भोजनालय तथा निर्माणाधीन इमारतों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजनालय में भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को संतोषजनक बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन भवनों के कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसके अतिरिक्त परिवहन शाखा एवं यूपी-112 शाखा का निरीक्षण कर वाहनों की स्थिति, रखरखाव तथा आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने गार्द रजिस्टरों का भी अवलोकन किया और अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन एवं प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का संदेश देते हुए पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया।
