महर्षि विद्या मंदिर फतेहपुर में आर्म्ड फोर्स वेटरन डे का आयोजन



महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फतेहपुर में 14 जनवरी को आर्म्ड फोर्स वेटरन डे श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। यह दिवस भारत के प्रथम फील्ड मार्शल कोडंडेरा मदप्पा कारियप्पा जी के सेवानिवृत्त होने की स्मृति में प्रतिवर्ष मनाया जाता है, जिनकी सेवानिवृत्ति 14 जनवरी को ही हुई थी।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ की गई। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आर्म्ड फोर्स वेटरन डे हमें देश के वीर सैनिकों के बलिदान, साहस और समर्पण को याद करने का अवसर प्रदान करता है। हमें उनके योगदान को कभी नहीं भूलना चाहिए और समाज में उन्हें उचित सम्मान देना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान लेफ्टिनेंट रोहित कुमार दत्त एवं सेकंड ऑफिसर विपिन कुमार मिश्रा ने एनसीसी कैडेट्स को आर्म्ड फोर्स वेटरन के महत्व पर व्याख्यान दिया। इस अवसर पर कुल 53 एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे, जिन्हें भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके उपरांत एनसीसी कैडेट्स द्वारा ईसीएचएस मेडिकल का भ्रमण किया गया, जहाँ उन्होंने पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। सम्मानित किए गए पूर्व सैनिकों में प्रभारी अधिकारी कर्नल विभय मानसिंह (सेवानिवृत्त), उपस्थित चिकित्सकगण, कैप्टन सूरज यादव, सूबेदार कृष्ण दत्त, हवलदार धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य एक्स-सर्विसमैन शामिल रहे। सभी को स्मृति स्वरूप एक छोटी शील्ड भेंट की गई।

यह पूरा कार्यक्रम 60 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ब्रिजेश पठानिया के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।