फतेहपुर। जनपद के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ तांबेश्वर मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां एक ओर पारिवारिक खुशी के अवसर पर प्रसाद वितरण किया गया तो दूसरी ओर मन्नत पूरी होने पर भंडारे का आयोजन कर भगवान के प्रति कृतज्ञता प्रकट की गई।
ग्राम सैनीपुर निवासी शिव सिंह पुत्र वीरेंद्र कुमार द्वारा मंदिर परिसर में बूंदी के प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर बाबा रामदयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके नाती ने जेएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) की परीक्षा मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। परिवार में इस उपलब्धि को लेकर हर्ष का माहौल है और इसी खुशी के उपलक्ष्य में तांबेश्वर मंदिर में भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर परिवार को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान माता संगीता देवी, चाची संगीता देवी, भगवान दीन, रामसनेही, रामू, श्यामू, प्रेम, निशांत सहित अनेक ग्रामीण व श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने भगवान शिव के जयकारों के बीच आयोजन को सफल बनाया।
इसी क्रम में सुचिता पत्नी ऋषि रंजन मिश्रा ने भी सिद्ध पीठ तांबेश्वर मंदिर में भंडारे का आयोजन कराया। उन्होंने बताया कि उनके बहनोई भोला पांडे गंभीर रूप से बीमार थे, जिसको लेकर उन्होंने तांबेश्वर बाबा से मन्नत मांगी थी। बाबा की कृपा से भोला पांडे के स्वास्थ्य में सुधार हुआ और पूर्ण रूप से स्वस्थ होने पर मन्नत के अनुसार मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की भीड़ लगी रही। इस अवसर पर मनीष भैया, उदित द्विवेदी, शशिकांत, राजेश कुमार विश्वकर्मा, राम विश्वकर्मा, लकी, अजय कुमार विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने सिद्ध पीठ तांबेश्वर बाबा के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा की कृपा से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। आयोजकों ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और समाज में इस प्रकार के धार्मिक व सामाजिक आयोजनों को आपसी सद्भाव और एकता का प्रतीक बताया।
