राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में युवाओं की बड़ी पहल, बच्चों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ



– एनएचएआई अयोध्या के निर्देशन में चला सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान

अयोध्या। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा को लेकर युवाओं और स्कूली बच्चों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) अयोध्या के तत्वावधान में “सड़क सुरक्षा मित्र” कार्यक्रम का शुभारंभ माधव सर्वोदय इंटर कॉलेज, अमौना में किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रोजेक्ट डायरेक्टर अवनीत सिद्धार्थ, डिप्टी मैनेजर टेक अमर नाथ, आरटीओ गुलाब चंद सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर एवं आरटीओ आर.पी. सिंह के निर्देशानुसार किया गया। इस अवसर पर गोमती अयोध्या हाईवेज प्राइवेट लिमिटेड के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी सचिन सिंह, इंजीनियर दिलीप प्रधान, रवि राय तथा विद्यालय के प्रिंसिपल धर्मेंद्र पाठक की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा पुरस्कार विजेता एवं सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान ने विद्यार्थियों को सड़क हादसों के कारणों पर जागरूक करते हुए कहा कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी ही बढ़ती दुर्घटनाओं की सबसे बड़ी वजह है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व पर विशेष जोर दिया। इसी दौरान एक छात्र धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि मेरे पापा स्कूल छोड़ते वक्त भी हेलमेट नहीं लगाते, अब मैं उन्हें बताऊंगा कि हेलमेट क्यों जरूरी है। यह बात कार्यक्रम की सार्थकता को दर्शाती है। वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी सचिन सिंह ने कहा कि स्कूलों के माध्यम से बच्चों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देकर भविष्य के जिम्मेदार नागरिक तैयार किए जा रहे हैं, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रख सकें। कार्यक्रम के दौरान करीब दो हजार स्कूली बच्चों ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली और ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संकल्प किया। इस अवसर पर विद्यालय के लगभग 45 शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा ओमप्रकाश, सुरेंद्र कुमार पांडेय, अंकिता, माया, अनुराधा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे हैं।