– नदीम उद्दीन पप्पू के आयोजन में हुआ कार्यक्रम
फतेहपुर। भिटौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा करमचंदपुर साडा के पंचायत घर परिसर में नारी समर्था साईं आई हॉस्पिटल के तत्वावधान में एक निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन प्रधान प्रतिनिधि नदीम उद्दीन पप्पू के संयोजन में किया गया, जिसमें ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ प्रत्येक मरीज को निःशुल्क कंबल भी वितरित किए गए।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ समाजसेवी संतोष तिवारी की मौजूदगी में मरीजों की आंखों की जांच की गई। विशेष रूप से मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें ऑपरेशन हेतु चिन्हित किया गया। मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित प्रत्येक मरीज को मुख्य अतिथि द्वारा कंबल वितरित कर सम्मानित किया गया। शिविर में डॉ. आलोक तिवारी, डॉ. नीलेश सिंह बघेल एवं डॉ. संगीता सिंह यादव की टीम ने सैकड़ों ग्रामीणों की आंखों की जांच की। डॉक्टरों ने बताया कि मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का फेको विधि से निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा, जिसमें लेंस भी पूरी तरह मुफ्त लगाए जाएंगे। इसके साथ ही दृष्टि दोष से ग्रसित मरीजों को जांच के उपरांत निःशुल्क चश्मे भी प्रदान किए गए। डॉक्टरों ने जानकारी दी कि ऑपरेशन हेतु चयनित मरीजों को अस्पताल तक निःशुल्क वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा ऑपरेशन के बाद उन्हें सुरक्षित उनके घर भी छोड़ा जाएगा। इसके लिए मरीजों को आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य बताया गया है। शिविर के दौरान गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी आंखों की जांच कराई और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों एवं चिकित्सक दल का आभार व्यक्त किया।
