चार पहिया वाहन की टक्कर से चचेरे भाई-बहन की मौत, मामा गंभीर घायल



फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे-2 पर मुरादीपुर गांव के समीप रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पार कर रहे चचेरे भाई-बहन और उनके मामा को तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मामा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के नउ वाबाग भरहरा निवासी स्वर्गीय मन्ना का 65 वर्षीय पुत्र सुरेश अपने भांजे राज किशोर (55) पुत्र स्वर्गीय मुन्नूलाल और 45 वर्षीय भांजी कल्लो पत्नी स्वर्गीय चंद्रशेखर के साथ रायबरेली जनपद के बछरावां से वाहन द्वारा मुरादीपुर आए थे। तीनों लोग सिलबट्टा बनाने का काम करते थे। मुरादीपुर पहुंचने के बाद वे सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राज किशोर और उसकी बहन कल्लो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे औंग पुलिस ने वाहन सहित पकड़ लिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।