फतेहपुर। मौनी अमावस्या पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुव्यवस्थित स्नान व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए फतेहपुर पुलिस सतर्क रही। इसी क्रम में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह ने थाना हुसैनगंज क्षेत्र अंतर्गत ओम घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने घाट पर चल रही स्नान व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मौके पर ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति व व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी खागा एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा गया। पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग बनाए रखने और दिए गए निर्देशों का पालन करने की अपील की।
