एसपी ने सुनी जनसमस्याएं, मातहतों को निस्तारण के दिए निर्देश



फतेहपुर। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। जनसुनवाई में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतें एवं समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा पीड़ित को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों की शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान ही पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाता है और इससे कानून-व्यवस्था सुदृढ़ होती है।
पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान हेतु निर्भय होकर पुलिस से संपर्क करें। फतेहपुर पुलिस जनता की सेवा, सुरक्षा और विश्वास के लिए सदैव तत्पर है।