– पचवाड़ा टोल प्लाज़ा पर ‘Zero Fatalities District’ कार्यक्रम, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का लिया संकल्प
छतरपुर (मध्य प्रदेश)। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा को ध्यान में रखते हुए पचवाड़ा टोल प्लाज़ा पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
एनएचएआई छतरपुर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर देवेंद्र चापेकर के निर्देशानुसार प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह भदौरिया के नेतृत्व में तथा प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रोहन कार्वाल्हो के मार्गदर्शन में रोड सेफ्टी (Zero Fatalities District) कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सड़क उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों की जानकारी दी गई और सभी को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रोहन कार्वाल्हो ने कहा कि यदि आने वाले समय में सड़क सुरक्षा के प्रति ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो सड़कों पर भयानक मंजर देखने को मिल सकता है। इसलिए सभी को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक आमजन तक यातायात नियमों की जानकारी पहुंचाना है, ताकि लोग नियमों के प्रति जागरूक हों और उनका पालन करें। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने प्रतिदिन 100 प्रतिशत सुरक्षित ड्राइविंग का संकल्प लिया और शून्य दुर्घटना (Zero Accidents) के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का वचन दिया। इस अवसर पर टोल प्लाज़ा के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा अभियान का आयोजन, किया गया जागरूक
