– कांशीराम की जयंती पर जिलों में होंगे कार्यक्रम
फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों व प्रमुख पदाधिकारियों को पत्र जारी कर 15 मार्च को बहुजन नायक कांशीराम की जयंती के अवसर पर “बहुजन समाज दिवस (पीडीए दिवस)” के रूप में मनाने के निर्देश दिए हैं।
यह कार्यक्रम समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार प्रत्येक जिला मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा। इसमें पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल होकर बहुजन समाज के उत्थान और सामाजिक न्याय के संदेश को आगे बढ़ाएंगे। पत्र में कहा गया है कि बहुजन नायक कांशीराम ने अपना पूरा जीवन दलित, पिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज को संगठित कर उन्हें सत्ता में भागीदारी दिलाने के लिए समर्पित किया। उन्होंने मंडल आयोग की सिफारिशों के समर्थन में देशव्यापी आंदोलन चलाया और समाज के कमजोर वर्गों को एकजुट करने का कार्य किया। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि वर्ष 1992 में उन्होंने समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव के साथ समझौता कर “बहुजन समाज बनाओ अभियान” को तेज किया, जिसके परिणामस्वरूप वर्ष 1993 में सामाजिक न्याय की सरकार बनी। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ भाग लें और सामाजिक भाईचारे व एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।
