बिंदकी / फतेहपुर। आर्य समाज के तीन दिवसीय वार्षिक उत्सव के दूसरे दिन शनिवार को भक्ति और उपदेश का वातावरण बना रहा। बिंदकी कस्बे के ललौली चौराहे के समीप दयानंद इंटर कॉलेज के सामने स्थित आर्य समाज मंदिर परिसर में सुबह 9 बजे मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पूजन किया गया, जिसके बाद भजन उपदेश का कार्यक्रम आरंभ हुआ।
पंजाब से आए भजन उपदेशक जगत वर्मा ने अपने भजनों के माध्यम से जीवन का गूढ़ संदेश देते हुए कहा कि “इस दुनिया में जो आया है, उसका जाना निश्चित है। जब तक जीवन है, परोपकार कर पुण्य कमाएं और जीवन को सफल बनाएं।” उनके भजनों और विचारों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर सुल्तानपुर से आए आचार्य शुचिसद मुनी, हमीरपुर से पंडित सेवक राम आर्य तथा फतेहपुर के आचार्य भूदेव शास्त्री ने भी भजन-उपदेश के माध्यम से सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में आर्य समाज के प्रधान श्रवण कुमार, कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार, मंत्री इंद्रधरलाल सहित वेद प्रकाश गुप्ता, अरविंद गुप्ता (पप्पू), यदुनंदन आर्य, डॉ. महेश आर्य, प्रिया दत्त पांडेय, जय ओमर, जयदेव सिंह, गप्पू गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम भजन एवं उपदेश कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
