कन्या विवाह सहायता योजना के तहत 184 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह संपन्न



– प्रयागराज मंडल के चार जिलों के श्रमिक परिवारों को मिला लाभ

– हिन्दू-मुस्लिम रीति-रिवाजों से संपन्न हुए विवाह, दिखी सामाजिक समरसता

– प्रत्येक लाभार्थी को ₹85 हजार की सहायता, प्रशासन की रही पुख्ता व्यवस्था

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत संचालित कन्या विवाह सहायता योजना के तहत जनपद के खागा स्थित रानी चन्द्रप्रभा महाविद्यालय परिसर में एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में प्रयागराज मंडल के विभिन्न जिलों से आए श्रमिक परिवारों की बेटियों का विवाह पूरे विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ संपन्न कराया गया।
इस सामूहिक विवाह समारोह में प्रयागराज, फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ जनपदों के कुल 184 जोड़ों ने वैवाहिक बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। इनमें प्रयागराज के 74, फतेहपुर के 55, कौशाम्बी के 25 तथा प्रतापगढ़ के 30 जोड़े शामिल रहे।
समारोह की खास बात यह रही कि इसमें हिन्दू और मुस्लिम दोनों समुदायों के विवाह उनकी-अपनी परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराए गए। एक ही मंच पर अलग-अलग संस्कृतियों के विवाह संस्कारों का आयोजन सामाजिक सौहार्द और एकता का प्रतीक बना। पूरे परिसर में खुशी, उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। परिजन, रिश्तेदार और स्थानीय लोग नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए बड़ी संख्या में मौजूद रहे। योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी को ₹85,000 की आर्थिक सहायता उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों को बेटियों के विवाह में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। इस योजना का उद्देश्य श्रमिक वर्ग को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना और उनकी आर्थिक परेशानियों को कम करना है। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, खागा विधायक कृष्णा पासवान, बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी तथा जहानाबाद विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में शिरकत कर नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
इस दौरान सुमित कुमार (उप श्रम आयुक्त, प्रयागराज क्षेत्र) एवं लालाराम ने सभी अतिथियों, नवदम्पत्तियों एवं उनके परिजनों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। समारोह के सफल संचालन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम स्थल पर भव्य पंडाल, सुसज्जित मंच, भोजन व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था तथा परिवहन जैसी सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। अधिकारियों की निगरानी में पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
समापन के अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके जीवन में सुख, समृद्धि और आपसी प्रेम की कामना की। यह सामूहिक विवाह समारोह न केवल सामाजिक समरसता का उदाहरण बना, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ।