कोठरी में लगी भीषण आग से भूसा-गेहूं-चना जलकर राख



बिंदकी/फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र के टिकरी गांव में गुरुवार की सुबह अज्ञात कारणों से भूसे की कोठरी में आग लग गई, जिससे लाखों रुपए की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे मेवा लाल पटेल की कोठरी में अचानक आग लग गई। कोठरी में मेवा लाल पटेल और उनके भतीजे राजेंद्र पटेल का अलग-अलग भूसा, गेहूं और चना रखा हुआ था। आग तेजी से फैलती गई, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसी बीच सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया। इस आगजनी की घटना में मेवा लाल पटेल का लगभग 80 कुंतल भूसा, 12 कुंतल गेहूं और करीब 1 कुंतल चना जल गया। वहीं उनके भतीजे राजेंद्र पटेल का भी करीब 70 कुंतल भूसा, 6 कुंतल गेहूं और 1 कुंतल चना जलकर राख हो गया। कुल मिलाकर लाखों रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। घटना की सूचना ग्राम प्रधान पिंकू शुक्ला द्वारा राजस्व विभाग और पुलिस को दे दी गई है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।