डीएम निधि गुप्ता वत्स ने की स्व-गणना, जनगणना-2027 अभियान का किया शुभारंभ



— 07 मई से 21 मई तक चलेगी स्व-गणना प्रक्रिया

— जनपदवासियों, कार्यालयाध्यक्षों व मीडिया प्रतिनिधियों से बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील

फतेहपुर। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना अभियान की शुरुआत गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से हुई। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने स्वयं स्व-गणना कर अपनी स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) जनरेट की तथा सभी जनपदवासियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण कराएं तथा कर्मचारियों को भी इसके प्रति जागरूक करें। डीएम ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने संस्थानों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें, ताकि अभियान सफल बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि स्व-गणना अभियान 07 मई 2026 से प्रारंभ होकर 21 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान नागरिक स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।