– 615 मरीजों को मिला लाभ
– पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर उनके पोते विराज शास्त्री कर रहे जनसेवा
फतेहपुर। लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउण्डेशन के सहयोग से जन कल्याण महासमिति फतेहपुर द्वारा विकास खंड हंसवा के ग्राम औरेइ में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि विभाकर शास्त्री एवं विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान दीपक द्विवेदी उर्फ बचोले महराज, विराज शास्त्री तथा कंसल्टेंट निशीत द्वारा फीता काटकर किया गया। मुख्य अतिथि ने शिविर में उपस्थित ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाजसेवा की भावना से लगाए जा रहे हैं, ताकि बुजुर्गों और माताओं-बहनों को ग्राम स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। शिविर में कुल 615 पंजीकरण किए गए, जिसमें शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, आंख, कान, एचआईवी एवं सिफलिस की जांच की गई। साथ ही चिकित्सकों द्वारा मरीजों को आवश्यक परामर्श देकर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। इस दौरान नेत्र रोगियों को निःशुल्क चश्मा वितरित किए गए, जबकि मोतियाबिंद एवं अन्य गंभीर समस्याओं से पीड़ित मरीजों को जिला चिकित्सालय फतेहपुर के लिए रेफर किया गया। जिन लोगों को सुनने में समस्या थी, उन्हें कान की मशीन भी उपलब्ध कराई गई। संस्था के सचिव बी.पी. पाण्डेय ने बताया कि सच्ची समाज सेवा स्वास्थ्य सेवा ही है। उन्होंने कहा कि संस्था ऐसे बुजुर्गों और महिलाओं तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रही है, जो अस्पताल तक जाने में असमर्थ हैं। शिविर के संयोजक वरिष्ठ भाजपा नेता धनंजय द्विवेदी, भाजपा नेता बृजेश द्विवेदी, नीटू मिश्रा, सुधांशु पांडेय, कमल सिंह लोधी, विजय द्विवेदी, नरेंद्र गुप्ता, पुष्पेंद्र दीक्षित, विश्वबिहारी दुबे सहित अन्य लोगों ने अतिथियों का स्वागत कर शिविर आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. राजीव शुक्ला, डॉ. हिमांशु, डॉ. आदित्य कुमार, डॉ. पवन त्रिपाठी, सौरभ सिंह (फार्मासिस्ट), रियांका सिंह, श्रेया (स्टाफ नर्स), आदर्श मिश्रा, विनीता मिश्रा (काउंसलर), माया देवी, सत्यदेव सहित स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी अजय सिंह चौहान द्वारा दी गई।
