बिंदकी/फतेहपुर। कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के सेलावन गांव का 17 वर्षीय किशोर पिछले 33 घंटे से लापता है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी कोई पता न चलने पर पिता ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की सूचना दी है।
जानकारी के अनुसार सेलावन गांव निवासी कमलेश प्रसाद का पुत्र शिवम पाल (17) रविवार सुबह करीब 9 बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह मलवां जा रहा है। दोपहर करीब 12 बजे जब परिजनों ने उससे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो मोबाइल बंद मिला। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सोमवार शाम को पिता ने कोतवाली बिंदकी में तहरीर देकर गुमशुदगी की सूचना दी। कमलेश प्रसाद ने बताया कि वह मलवां कस्बे में गल्ले का काम करते हैं और उनका बेटा वहीं जाने की बात कहकर घर से निकला था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल की जा रही है।
