नगदीनपुर में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी धूमधाम से मनाया गया


फतेहपुर। नगदीनपुर में बीती रात नमाज़-ए-इशा के बाद जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी बड़े ही अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस मौके पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में खानकाह-ए-चिश्तिया दीदारिया, प्रयागराज (इलाहाबाद) से तशरीफ लाए नवासा-ए-हुजूर अशाब-ए-मिल्लत मौलाना आमिर मियां सफवी मिस्बाही साहब क़िबला ने अपनी तकरीर पेश की। उन्होंने पैगम्बर हज़रत मोहम्मद साहब के जीवन, उनके आदर्शों और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए लोगों को उनके बताए रास्ते पर चलने की नसीहत दी। इस अवसर पर बरेली शरीफ से आए शायर जनाब कारी राजी अहमद साहब क़िबला ने नातिया कलाम पेश कर माहौल को रूहानी बना दिया। उनके साथ मौलाना दिलशाद मिस्बाही, कारी मतीन साहब, हाफिज सोहराब साहब और हाफिज अफजल साहब भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में देश में अमन-चैन और भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई। आयोजकों ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।