फतेहपुर। बुंदेलखंड राष्ट्र समिति द्वारा चलाए जा रहे पृथक बुंदेलखंड राज्य की माँग को लेकर विशेष जनजागरण अभियान के नवम दिवस शुक्रवार को फतेहपुर जनपद के प्राथमिक विद्यालय पौली एवं इंटर कॉलेज पौली में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखियाँ और पत्र भेजे।
इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने हाथों में “बुंदेलखंड को राज्य बनाओ”, “हमारी राखी का सम्मान करो”, “बुंदेलखंड को न्याय दो” जैसे नारों की तख्तियाँ लेकर हिस्सा लिया। राखी के माध्यम से प्रधानमंत्री से माँग की गई कि बहनों को सच्चा उपहार तभी मिलेगा जब पृथक बुंदेलखंड राज्य का गठन होगा।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ‘बुंदेलखंडी’ ने कहा, “यह राखी केवल रक्षा सूत्र नहीं, बल्कि करोड़ों बुंदेलखंडवासियों की उम्मीद है। यह आंदोलन अब हर गांव, हर विद्यालय और हर नागरिक तक पहुँचेगा।” उन्होंने आगे कहा कि जब तक पृथक बुंदेलखंड राज्य नहीं बनता, तब तक समिति का यह शांतिपूर्ण अभियान निरंतर चलता रहेगा।
कार्यक्रम संयोजक कुलदीप तिवारी ने बताया, “हम बच्चों के माध्यम से सरकार तक यह संदेश पहुँचा रहे हैं कि अब बुंदेलखंड को नजरअंदाज करना बंद किया जाए।” उन्होंने कहा कि पौली जैसे ग्रामीण अंचलों से उठ रही यह आवाज आने वाले समय में बड़े बदलाव की नींव रखेगी।
इस अवसर पर सैकड़ों राखियाँ और पत्र एकत्रित किए गए, जिन्हें डाक के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय भेजा जाएगा। समिति द्वारा यह अभियान 10 जुलाई से शुरू हुआ है, जो 9 अगस्त तक चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत एक लाख राखियाँ भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
