अवैध असलहों के साथ दो शातिर गिरफ्तार, मलवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई



फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मलवा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो तमंचे व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को थाना मलवा पुलिस टीम ने कैची मोड़ मदारीपुर बुजुर्ग चौराहा, ग्राम मदारीपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से 315 बोर के दो अवैध देशी तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा दोनों अभियुक्तों के पास से दो मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद भी मिले। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राहुल यादव (24 वर्ष) निवासी ग्राम लकड़ी मथैयापुर (गुल्लकका पुरवा), थाना हुसैनगंज तथा आनंद प्रकाश यादव (25 वर्ष) निवासी ग्राम मिर्जापुर किशनदासपुर, थाना हुसैनगंज जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना मलवा में मु0अ0सं0 328/2025 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर दोनों अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक यशकरन सिंह, हेड कांस्टेबल प्रमोद सिंह, कांस्टेबल सचिन चौधरी, सतीश सिंह एवं रवि सिंह शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।