ज्वालागंज रोडवेज पुलिस चौकी के पास सड़क हादसा, ई-रिक्शा चालक की मौत



फतेहपुर। ज्वालागंज रोडवेज पुलिस चौकी के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से हुआ, जिससे ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार तेज गति से आ रहा था और संतुलन खो बैठा, जिसके बाद उसने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल बाइक सवार को उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था की। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों और अव्यवस्थित ई-रिक्शा संचालन के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती है।