ख्वाजा कड़क शाह की दरगाह से अकीदत के साथ निकला गागर जुलूस



कौशाम्बी। नगर पंचायत दारानगर कड़ाधाम में आयोजित ख्वाजा कड़क शाह बाबा के 731वें सालाना उर्स के अवसर पर मंगलवार को अकीदत और एहतराम के साथ गागर जुलूस निकाला गया। जुलूस में दूर-दराज से आए हजारों जायरीन शामिल हुए।
सुबह दरगाह के मुतवल्ली सैयद वली अशरफ ने बाबा की मजार का गुलाब जल से गुस्ल कर चादरपोशी की। इसके बाद कुरआन ख्वानी हुई। जायरीनों ने मजार पर फूल चढ़ाकर कौम और मुल्क की सलामती की दुआ मांगी। गंगाजल लाकर शरबत तैयार किया गया, जिस पर फातिहा के बाद प्रसाद वितरित किया गया। दोपहर में दरगाह से गागर जुलूस निकाला गया, जिसमें अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मुतवल्ली वली अशरफ के नेतृत्व में जायरीन बाजार घाट गंगा किनारे पहुंचे, जहां से गागर में जल भरकर वापस मजार पर आए।
जुलूस के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधिकारी और कर्मी पूरे समय मुस्तैद रहे। दरगाह के खादिम उस्साक अहमद ने बताया कि रात में मौलानाओं द्वारा तकरीर और नात-ए-पाक पेश की जाएगी।
इस मौके पर मुतवल्ली वली अशरफ, दरगाह के खादिम उस्साक अहमद उर्फ डॉ. नार्वी, अली अहमद, मो. ताज सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।