– अखिल भारत हिन्दू महासभा द्वारा किया गया प्रदर्शन
फतेहपुर। अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार, मंदिरों को तोड़े जाने तथा मजदूर श्रमिक दीपू चंद्र दास की निर्मम हत्या के विरोध में बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। महासभा के कार्यकर्ताओं ने पटेल नगर चौराहा फतेहपुर में बांग्लादेश के शासक मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन कर मुर्दाबाद के नारे लगाए।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महासभा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने भारत सरकार से मांग की है कि अब समय आ गया है कि बांग्लादेश में हो रही निर्दोष हिंदुओं की हत्याओं पर चुप्पी तोड़ते हुए सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार को बांग्लादेश के हालात पर कड़ा रुख अपनाना चाहिए। मनोज त्रिवेदी ने कहा कि मंदिरों को निशाना बनाया जाना और हिंदू श्रमिकों की हत्या मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने केंद्र सरकार से ठोस कदम उठाने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान पटेल नगर चौराहे पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।
इस विरोध प्रदर्शन में महासभा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से प्रयागराज मंडल उपाध्यक्ष रामगोपाल शुक्ला, जिला अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, जिला प्रभारी गजेंद्र मौर्य, डॉ. प्रमोद पांडे, स्वामी राम आसरे आर्य, सूरज शुक्ला, अनमोल शुक्ला, करण सिंह पटेल सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
