– हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को दिए गए उपयोगी पुरस्कार
फतेहपुर। जिले में महाराजा बिजली पासी की जयंती के अवसर पर विभिन्न संगठनों द्वारा रैली और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सर्व समाज के लोगों ने भाग लिया।
इसी क्रम में पासी कल्याण समिति के तत्वावधान में महाराजा बिजली पासी चौराहा पर मेघा अलंकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 75 मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समिति के अध्यक्ष बासुदेव पासी द्वारा महाराजा बिजली पासी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खागा विधायक कृष्णा पासवान उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त डीआईजी रामतीर्थ परमहंस एवं हसवा ब्लॉक प्रमुख विकास पासवान शामिल हुए। समाजसेवी सुशील पटेल ‘दोषी’ ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर मेधावी छात्रों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन समिति के महासचिव प्रदीप पासवान ने किया। वक्ताओं ने महाराजा बिजली पासी के जीवन, संघर्ष और गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। वहीं सम्मान समारोह में हाईस्कूल परीक्षा में 94.83 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा काजल देवी तथा इंटरमीडिएट में 93.83 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली छात्रा रिचा सिंह को साइकिल, घड़ी और टिफिन देकर सम्मानित किया गया। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले अभिषेक और आइशा सिंह को सिलाई मशीन, घड़ी, टिफिन और बैग प्रदान किए गए। इसके अलावा अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को वाटर कूलर, बैग, पानी की बोतल, टिफिन सहित विभिन्न उपयोगी पुरस्कार दिए गए।
कार्यक्रम में महासचिव प्रदीप पासवान, उपाध्यक्ष रमेशचंद्र, संतोष कैथल, उपसचिव शिवराम, कोषाध्यक्ष रामदीन सहित हेमेंद्र, मुकेश, अशोक, राजेश, डॉ. अतुल, अरुण, धन्नजय समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजकों ने इस आयोजन को समाज और शिक्षा के उत्थान के लिए प्रेरणादायी बताया।
