पुलिस अधीक्षक ने किया जनसुनवाई, समस्याओं के निस्तारण के दिए निर्देश



फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतें एवं समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए उपस्थित अधिकारियों एवं संबंधित थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, महिला उत्पीड़न सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। पुलिस अधीक्षक ने कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जबकि शेष मामलों में त्वरित जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। एसपी अनूप कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों से संवेदनशीलता और शालीनता के साथ व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से जनता और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत होता है, जिसे बनाए रखना सभी पुलिसकर्मियों का दायित्व है।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।