– एण्टी रोमियो टीम ने बाजारों, स्कूलों व सार्वजनिक स्थलों पर चलाया जागरूकता अभियान
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के तहत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एण्टी रोमियो टीम द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान टीमों ने जनपद के प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकार एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
जागरूकता कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही महिलाओं की सहायता एवं सुरक्षा हेतु उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए। इनमें वीमेन पावर लाइन–1090, पुलिस आपातकालीन सेवा–112 (पैनिक बटन/मोबाइल डेमो सहित), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन–1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन–102, एम्बुलेंस सेवा–108, महिला हेल्पलाइन–181 एवं साइबर क्राइम हेल्पलाइन–1930 शामिल हैं। पुलिस कर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या आपात स्थिति में बिना संकोच इन हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित व्यवहार एवं कानूनी अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी गई।
अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है, ताकि वे निर्भीक होकर अपने अधिकारों का प्रयोग कर सकें।
