फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम बिलारी मऊ की निवासी एक महिला ने ग्राम प्रधान के पति पर दुष्कर्म, धमकी और धोखे से संबंध बनाने के आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता गुड़िया देवी पत्नी राजेश कुमार ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब छह माह पहले गांव का निवासी मेवा लाल पुत्र मन्ना, जो वर्तमान में ग्राम प्रधान का पति है, उसके घर आया और सरकारी योजना के तहत कॉलोनी दिलाने का झांसा देकर उसका आधार कार्ड और मोबाइल नंबर ले लिया। पीड़िता के अनुसार, इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर उससे बातचीत करने लगा और धीरे-धीरे उसे अपने झांसे में लेकर अश्लील बातें करने लगा। आरोप है कि आरोपी वीडियो कॉल के जरिए आपत्तिजनक हरकतें करता था और नजदीक आने का दबाव बनाता था। विरोध करने पर वह उसे जान से मारने की धमकी देता था, जिससे डरकर वह किसी को कुछ नहीं बता पाई। पीड़िता ने बताया कि 18 मार्च की सुबह करीब 6 बजे वह शौच के लिए खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान बेल के बाग के पास पहले से मौजूद आरोपी मेवा लाल और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने उसे पकड़ लिया और जबरन खेत की ओर ले जाकर दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाना असोथर पहुंचे, जहां आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय आरोपी को बुलाकर समझौते का दबाव बनाया। पीड़िता द्वारा समझौते से इनकार करने पर पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि न्याय न मिलने पर वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अपनी सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। हालांकि इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
