फतेहपुर। जनपद की पुलिस लाइन में शुक्रवार को अनुशासन और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को परखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा टोलीवार परेड का निरीक्षण किया गया। निर्धारित समय पर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी ली और परेड में सम्मिलित सभी पुलिसकर्मियों व प्रशिक्षु आरक्षियों के टर्नआउट, अनुशासन, ड्रिल और एकरूपता का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षु आरक्षियों से संवाद कर चल रहे प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, शारीरिक दक्षता, अनुशासन और पुलिसिंग से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी पर विशेष जोर देते हुए प्रशिक्षकों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी व व्यवहारिक बनाया जाए, ताकि भविष्य में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल सके। परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने आरटीसी बैरकों की स्थिति, प्रशिक्षण कक्षों की साफ-सफाई व व्यवस्थाएं, कैंटीन में उपलब्ध सुविधाएं, परिवहन शाखा की कार्यप्रणाली, यूपी-112 शाखा की तत्परता, भोजनालय की गुणवत्ता तथा गार्द रजिस्टरों की जांच की। निरीक्षण के दौरान जहां आवश्यक सुधार पाए गए, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि पुलिस लाइन की व्यवस्थाएं पुलिस बल के अनुशासन, मनोबल और कार्यक्षमता से सीधे तौर पर जुड़ी होती हैं। उन्होंने स्वच्छता, समयबद्धता और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों को हर परिस्थिति में जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तैयार रहना चाहिए।
निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि बेहतर प्रशिक्षण और सुव्यवस्थित पुलिस लाइन ही मजबूत पुलिस व्यवस्था की आधारशिला है।
