– भाजपा नेता ने की जांच की मांग
फतेहपुर। जिले की जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में पंचायत निर्वाचक नामावली (अनंतिम मतदाता सूची 2025) में गंभीर गड़बड़ियों का आरोप लगा है। भाजपा के जहानाबाद मंडल उपाध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान विमलेश कुमार उत्तम ने इस संबंध में विधायक से शिकायत की है।
शिकायत में कहा गया है कि ग्राम पंचायत सौंप धरमपुर, ब्लॉक अमौली, तहसील बिंदकी में बीएलओ सर्वे के बावजूद सैकड़ों मतदाताओं के नाम सूची में नहीं जोड़े गए हैं। इसके अलावा, सूची में लगभग 70 ऐसे नाम शामिल हैं जिन्हें विलोपित किया जाना था, लेकिन वे अभी भी बने हुए हैं। सूची में करीब 370 मृत मतदाता और शादी या अन्य कारणों से पलायन कर चुके 12 मतदाताओं के नाम भी अभी तक नहीं हटाए गए हैं।
भाजपा नेता विमलेश कुमार उत्तम ने विधायक जहानाबाद से मांग की है कि मामले की जांच कराई जाए और छूटे हुए नाम जोड़ने तथा गलत तरीके से शामिल नाम हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों से भी अपेक्षा जताई कि मतदाता सूची में संशोधन शीघ्र किया जाए ताकि आगामी पंचायत चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
