– व्हाट्सएप पर शादी के कार्ड के नाम से भेजी गई .apk फाइल बनी साइबर ठगी का कारण
फतेहपुर। थाना कोतवाली नगर की साइबर क्राइम टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड के शिकार एक पीड़ित के खाते में 69,954 रुपये की धनराशि वापस कराई है। पीड़ित के व्हाट्सएप पर शादी के निमंत्रण कार्ड के नाम से भेजी गई .apk फाइल को खोलने पर उसका मोबाइल फोन हैक हो गया था, जिसके बाद उसके खाते से रुपये निकाल लिए गए थे।
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर के निर्देशन तथा साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक के निकट पर्यवेक्षण में प्राप्त शिकायत संख्या 33110250152043 की जांच की गई। जांच के दौरान कोतवाली नगर साइबर क्राइम टीम ने सार्थक प्रयास करते हुए धोखाधड़ी से निकाली गई पूरी रकम पीड़ित के खाते में पुनः जमा कराई। राशि वापस मिलने पर पीड़ित ने जनपदीय पुलिस अधिकारियों एवं साइबर क्राइम टीम कोतवाली नगर फतेहपुर के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें, अनजान लिंक या अटैचमेंट न खोलें तथा किसी भी साइबर घटना की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि डिजिटल दुनिया में सजग रहकर ही साइबर अपराधों से बचाव संभव है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय, उपनिरीक्षक गिरिधर दुबे, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, उपनिरीक्षक विवेक कुमार, कांस्टेबल आशीष कुमार, कांस्टेबल सूरज कुमार एवं कांस्टेबल सुमित कुमार शामिल रहे।
